Thursday 9 March 2017

होली के त्यौहार पर लें सामाजिक बुराईयों को खत्म करने का संकल्प -मुख्यमंत्री

करनाल। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि होली का त्यौहार आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इस दिन हम सब आपसी मतभेद भुलाकर एक दूसरे को रंग लगाकर बधाईयां देते हैं। यह त्यौहार बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। हम सबको इस पर्व पर सामाजिक बुराईयों एवं कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए, जिससे सभ्य समाज की संरचना में सभी का बेहतर योगदान मिल सकें। मुख्यमंत्री स्थानीय मेहता फार्म में होली पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होली सद्भावना उत्सव में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की जनता को होली एवं महिला दिवस की भी बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर उत्सव का विधिवत शुभारम्भ किया। इस उत्सव के सफल आयोजन में नगर निगम की महापौर रेनू बाला गुप्ता, समाजसेवी बृज गुप्ता का विशेष योगदान रहा। होली सद्भावना उत्सव में करनाल शहर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संस्थाओं सहित आम नागरिकों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने अढाई साल के कार्यकाल के दौरान क्षेत्रवाद व जातिवाद से ऊपर उठकर हरियाणा का एक समान विकास करवाया है। सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवीं एक के सिद्धांत पर कार्य करते हुए समूचे प्रदेश में विकास की गति को तेज किया है। उत्सव में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानांनद महाराज ने भी अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन किया। वृंदावन से आए लोक कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला से दर्शकों को भक्ति रस से सराबोर किया। सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने भी सरकार की विकास गाथा पर आधारित तथा सामाजिक बुराईयों से दूर रहने का संदेश देती प्रस्तुतियां दी।
होली सद्भावना उत्सव की संयोजक एवं महापौर रेनू बाला गुप्ता ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गीता मनीषी ज्ञानांनद महाराज, आरएसएस के सहप्रांत संघ चालक पवन जिंदल सहित उत्सव में उपस्थित लोगों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ करनाल जिला में भी विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने कर्णताल का जीर्णोद्वार करने, स्वामी विवेकानंद पार्क का निर्माण करवाने, कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज बनवाने, नए बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू करवाने, पश्चिम-यमुना नहर के साथ-साथ बाईपास बनवाने जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर सीपीएस सदस्य बख्शीश सिंह विर्क, घरौंडा के विधायक एवं हैफेड़ के चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण, नीलोखेड़ी के विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष भगवानदास कबीरपंथी, मुख्यमंत्री के ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, शुगर फैडरेशन के चेयरमैन चंद्रप्रकाश कथूरिया, प्रदेश भाजपा के महामंत्री एडवोकेट वेदपाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment