Wednesday 9 August 2017

सांसद सांवरलाल जाट का निधन, मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त

जयपुर। सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री सांवरलाल जाट का आज सुबह निधन हो गया। उन्हें जयपुर एसएमएस अस्पताल से दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह सवा छह बजे उन्हाेंने अंतिम सांस ली।। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री, सांसद एवं राज्य किसान आयोग के चेयरमेन प्रो. सांवरलाल जाट के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सीएम राजे ने अपने संवेदना संदेश में कहा कि स्व. सांवरलाल जी एक सजग जनप्रतिनिधि और प्रदेश के बड़े किसान नेता थे। जीवन पर्यन्त उन्होंने किसानों, पशुपालकों, गरीब एवं पिछड़े सहित समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित रहकर कार्य किया। उनके निधन से हम सभी को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

आपको बता दे कि जयपुर में बीजेपी कार्यालय में 22 जुलाई को अमित शाह के सांसदों से संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया था। तब से वे कोमा में थे। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव अजमेर के गोपालपुरा में होगा।
जाट के निधन से राजनीतिक जगत में शोक व्याप्त हो गया। पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित कई मंत्रियों, सांससदों, विधायकों ने उनके निधन पर शोक जताया है। मोदी ने अपने शोक संदेश में उनके निधन को देश व पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया है।
rajasthan latest news in hindi, rajasthan top news in hindi, rajasthan news in hindi, jaipur news in hindi, today top news of rajasthan in hindi

No comments:

Post a Comment